नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें स्वतंत्रता आंदोलन का महानायक बताते हुए देशप्रेम और राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरणा बताया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत की आज़ादी के ऐसे महानायक हैं, जिनका नाम लेते ही हर भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम, साहस और बलिदान की भावना स्वतः जागृत हो जाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नेताजी सुभाष चौक, हजरतगंज, लखनऊ में आयोजित जयंती समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि नेताजी आज भी देशद्रोही और देशविरोधी तत्वों के सामने न झुकने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने नेताजी को भारत माता का सच्चा सपूत बताते हुए उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि नेताजी का ऐतिहासिक उद्घोष— “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा”— भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का मंत्र बन गया था। उनका “दिल्ली चलो” का नारा और “कदम-कदम बढ़ाए जा…” जैसा गीत आज भी देश की सेनाओं में जोश और गर्व का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नेताजी ने महात्मा गांधी के नेतृत्व वाले आंदोलन को नई दिशा दी और क्रांतिकारियों के सिरमौर के रूप में आज़ादी की लड़ाई का नेतृत्व किया। भारत के भीतर और विदेशों—जर्मनी, जापान सहित कई देशों में—उन्होंने जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने बताया कि नेताजी का जन्म 1897 में कटक में हुआ। आईसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सर्वोच्च स्थान पाने के बावजूद उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की सेवा ठुकरा दी और देश की आज़ादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
COMMENTS