उत्तर प्रदेश सरकार की संवेदनशील पहल के तहत कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्या ने 12 मृतक सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कदम सेवा में समर्पित परिवारों के लिए नई उम्मीद बना है।
उत्तर प्रदेश सरकार की संवेदनशील और कल्याणकारी नीति के अंतर्गत बुधवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबीरानी मौर्या ने 12 मृतक सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पा आधार पर सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह कार्यक्रम मंत्री के सरकारी आवास पर सम्पन्न हुआ।
यह नियुक्तियां उत्तर प्रदेश सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती नियमावली–1974, समय-समय पर संशोधित (2025) के अंतर्गत की गईं। वर्ष 2025 में अब तक मंत्री द्वारा कुल 40 आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं।

आज नियुक्ति पाने वालों में विभिन्न जनपदों के कर्मचारी परिवार शामिल हैं। जनपद बस्ती, पीलीभीत, बरेली, सिद्धार्थनगर, बलिया, लखनऊ, बिजनौर, अम्बेडकरनगर, जौनपुर और चन्दौली के मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को कनिष्ठ सहायक (09) एवं चतुर्थ श्रेणी (03) पदों पर नियुक्त किया गया। वाहन चालक, वरिष्ठ सहायक, प्रधान सहायक, सांख्यिकी अधिकारी एवं चतुर्थ श्रेणी जैसे पदों पर कार्यरत रहे कर्मचारियों के परिवारों को यह राहत प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंत्री बेबीरानी मौर्या ने कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों के परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है और अनुकम्पा नियुक्ति केवल नौकरी नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा का भरोसा है।
इसी क्रम में उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में 2425 महिलाओं को मुख्य सेविका पद पर नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदान किए गए, जबकि 78 नई मुख्य सेविकाओं और 597 नए कनिष्ठ सहायकों का चयन हो चुका है, जिन्हें शीघ्र नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
COMMENTS