पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यपाल कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके राष्ट्रवादी, सुशासन और विकास केंद्रित योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ‘बाबू जी’ ने अपने नाम को उत्तर प्रदेश के ‘कल्याण’ के साथ जोड़कर जीवन भर सार्थक किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री थे। वर्ष 1991 में जब उन्होंने प्रदेश की बागडोर संभाली, तब राज्य अव्यवस्था, अराजकता, गुंडागर्दी और बढ़ती आतंकी गतिविधियों से जूझ रहा था। गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा था। एक ओर प्रशासनिक कुव्यवस्था थी तो दूसरी ओर 500 वर्षों की गुलामी से मुक्ति के लिए हिंदू समाज व्याकुल था।
सीएम योगी ने कहा कि जब बाबू जी ने शासन संभाला, तो कुछ ही महीनों में प्रदेशवासियों के मन में यह विश्वास मजबूत होने लगा कि उत्तर प्रदेश सुशासन की राह पर चलकर विकास के नए सोपान तय करेगा। हालांकि, इसके बाद उनकी सरकार को अस्थिर करने की साजिशें भी शुरू हुईं और अव्यवस्था फैलाने के प्रयास किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के चरम पर पहुंचने पर बाबू जी ने रामभक्तों और संतों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सत्ता का बलिदान करने में भी संकोच नहीं किया। उनकी सरकार भले चली गई, लेकिन उन्होंने प्रभु श्रीराम के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया। सुशासन, विकास और राष्ट्रवादी मिशन को आगे बढ़ाने के लिए बाबू जी का कार्यकाल सदैव याद किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि किसान परिवार में जन्मे कल्याण सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ा और उसे आजीवन जीवन मंत्र बनाकर देश सेवा की। विधायक, मंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के रूप में उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।
इस अवसर पर स्वर्गीय कल्याण सिंह के पुत्र व पूर्व सांसद राजवीर सिंह, भाजपा उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, सांसद सतीश गौतम, मुकेश राजपूत, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, उनके पौत्र व बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
COMMENTS