शारदा विश्वविद्यालय और इस्कॉन नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। फूलों की होली, भक्तिमय कीर्तन और सात्विक प्रसाद के माध्यम से छात्रों को भारतीय संस्कृति, एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय परिसर में होली एवं वसंत ऋतु के पावन अवसर पर शारदा विश्वविद्यालय और इस्कॉन नोएडा के सहयोग से ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य होली के पर्व को पारंपरिक, आध्यात्मिक एवं पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप में मनाना रहा।
इस अवसर पर ‘फूलों की होली’ का आयोजन किया गया, जिसमें प्राकृतिक फूलों की पंखुड़ियों का प्रयोग किया गया। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि पवित्रता, सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति भावना का भी प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय कीर्तन, पवित्र अभिषेक तथा सात्विक प्रसाद का वितरण किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास और सामूहिक आनंद से सराबोर हो गया।
यह आयोजन विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए खुला रहा। विभिन्न देशों से आए विद्यार्थियों ने भी इस सांस्कृतिक उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।

इस अवसर पर स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की डीन प्रो. (डॉ.) अन्विति गुप्ता ने कहा कि फूलों की होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि चेतना और आत्मिक शुद्धता का उत्सव है। यह छात्रों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
शारदा विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति श्री पी. के. गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कृति और मूल्यों का विकास भी है। ऐसे आयोजन ‘एकता में विविधता’ की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर के सहयोग से किया गया। इस दौरान डॉ. प्रमोद, डॉ. आलोक, रजिस्ट्रार विवेक गुप्ता सहित अनेक फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।

COMMENTS